झज्जर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद, एक महिला समेत 5 गिरफ्तार
हरियाणा एसटीएफ ने झज्जर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिसमें एक महिला समेत पांच लोग गिरफ्तार हुए हैं।

हरियाणा एसटीएफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए झज्जर के रोहद इलाके में हथियारों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कुल 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। यह पूरी कार्रवाई बिहार पुलिस से मिली एक खुफिया सूचना के बाद अंजाम दी गई।
घटना मंगलवार सुबह की है, जब एसटीएफ की रोहतक टीम ने झज्जर के रोहद में त्रिवेणी ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टाटा हैरियर कार से 24,400 जिंदा कारतूस मिले, जबकि हुंडई ऑरा कार से 600 कारतूस बरामद हुए। इन दोनों गाड़ियों में सवार पांचों लोगों को पुलिस ने मौके से ही दबोच लिया। पुलिस ने कारतूसों के अलावा आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
बदायूं के गन हाउस मालिक का कनेक्शन
पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान, आसिम रईस, सबलू खान, अरबाज अली और जीनत के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अफीफुद्दीन बदायूं में 'सिविल लाइंस' इलाके में गन हाउस चलाता है। बताया जा रहा है कि उसने यह बड़ा जखीरा सिरसा के 'महक गन हाउस' के मालिक विजय गोयल से प्राप्त किया था।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बिहार पुलिस ने भोजपुर जिले में लल्टू नामक व्यक्ति को 20 हजार कारतूसों के साथ पकड़ा था। लल्टू के कनेक्शन अफीफुद्दीन से जुड़े थे, जिससे इस बड़े रैकेट की कड़ी जुड़ी। फिलहाल, आरोपियों के पास कारतूसों का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला है, जिसके बाद थाना आसोदा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब एसटीएफ बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये कारतूस कहां भेजे जाने थे।