जामतारा साइबर फ्रॉड नेटवर्क के दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार, फर्जी वेबसाइट से लूटे थे 27 लाख
दिल्ली पुलिस ने जामताड़ा के दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने फर्जी बैंक वेबसाइट के जरिए 27 लाख रुपये की ठगी की थी।

दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जामताड़ा स्थित साइबर ठगी नेटवर्क के दो मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी पिछले पांच साल से एक मामले में फरार चल रहे थे, जिसमें फर्जी बैंक वेबसाइट के जरिए करीब 27.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी और मोहम्मद अरशद अंसारी के रूप में हुई है, जिन्होंने 30 अक्टूबर को पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर किया।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा खेल एक मासूम ग्राहक की छोटी सी गलती से शुरू हुआ। पीड़ित ने चेक से जुड़ी किसी समस्या के लिए इंटरनेट पर अपने बैंक का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया था। वहां उसे एक नंबर मिला, जिसे उसने बैंक का आधिकारिक नंबर समझकर कॉल किया। कॉल करने वाले ने उसे एक ऐसी वेबसाइट का लिंक भेजा जो बिल्कुल असली बैंक की वेबसाइट जैसी दिखती थी, जिसमें बैंक का लोगो और लेआउट हूबहू वैसा ही था।
ऐसे जाल में फंसाकर खाली किया बैंक खाता
ठगों ने पीड़ित को झांसे में लेकर उस फर्जी वेबसाइट पर बैंक अकाउंट की डिटेल्स दर्ज करवाईं। इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन में एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवा ली गई। जैसे ही पीड़ित ने अपनी जानकारी साझा की, उसके खाते से 27.10 लाख रुपये गायब हो गए। यह रकम अलग-अलग आठ बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई थी।
जांच में सामने आया कि ये दोनों आरोपी इस गिरोह के मास्टरमाइंड थे, जिनका काम नामी बैंकों की हूबहू नकल वाली फर्जी वेबसाइट बनाना और ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए फर्जी कस्टमर केयर नंबर फैलाना था। वे इंटरनेट पर विज्ञापन चलाते थे ताकि लोग उन्हें कॉल करें, फिर इन कॉल्स को अपने अन्य साथियों को भेजकर ठगी का खेल खेलते थे।
इस मामले में पुलिस पहले ही आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो पैसे निकालने और खातों के प्रबंधन का काम देखते थे। हालांकि, ये दोनों मुख्य आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे, जिसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किए थे।