जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में खूनी संघर्ष: चाकू लेकर हमलावर ने 9 पुलिसकर्मियों को किया घायल
जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन के अंदर एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें 9 जवान घायल हुए हैं। आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शख्स ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला बोल दिया। इस हिंसक वारदात में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हमलावर ने न केवल थाने के अंदर उत्पात मचाया, बल्कि भागने की कोशिश में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान भी कई जवानों को चोटें पहुंचाईं।
घटना सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, काला महल निवासी 30 वर्षीय नबील को उसकी मां और बहन द्वारा दर्ज कराई गई पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। इसी दौरान नबील ने अचानक चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस शुरुआती हमले में सब-इंस्पेक्टर अजय और अरविंद, हेड कॉन्स्टेबल हरेंद्र, एएसआई श्री कृष्णा और हेड कॉन्स्टेबल बलजीत घायल हो गए।
थाने से फरार होकर स्कूटी छीनी, मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया
थाने में हमला करने के बाद आरोपी नबील वहां से फरार हो गया। भागते समय उसने एक स्कूटी भी छीन ली। पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने पीछा करते हुए करीब 4:30 बजे चितली कब्र इलाके में उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने फिर से पुलिस का मुकाबला किया, जिसमें कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आठ राउंड फायरिंग की, जिनमें से छह गोलियां नबील के पैरों में लगीं, जिसके बाद उसे काबू किया गया। घायल पुलिसकर्मियों को एलएनजेपी और सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी नबील का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर 2022 में खतरनाक हथियार रखने का मामला दर्ज था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह मानसिक रूप से स्वस्थ है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने घायल जवानों का हालचाल जाना और स्थिति की समीक्षा की। पुलिस ने इस मामले में चाकूबाजी, वाहन चोरी और पुलिस कर्मियों पर हमले की तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।