जामा मस्जिद थाने में खूनी खेल: CCTV में कैद हुआ हमलावर का तांडव, पुलिसकर्मियों को चाकू से गोदकर भागा आरोपी
दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया। CCTV फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है।

दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स ने थाने के अंदर घुसते ही पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला बोल दिया। इस पूरी वारदात का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि आरोपी ने बिना किसी चेतावनी के पुलिसकर्मियों पर हमला शुरू कर दिया। हमलावर ने न केवल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया, बल्कि लॉक-अप की तरफ बढ़ते हुए जो भी सामने आया, उस पर वार कर दिया।
CCTV फुटेज के मुताबिक, आरोपी दोपहर करीब 2:57 बजे थाने पहुंचा। उसने आते ही गेट पर लात मारी और अंदर घुसकर चिल्लाया, "मुझे किसने बुलाया है?" इसके तुरंत बाद उसने पास बैठे एक पुलिसकर्मी पर पॉकेट नाइफ से हमला कर दिया। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी जब उसे रोकने के लिए उठे, तो वह एक के बाद एक कई जवानों को चाकू मारने लगा। एक जवान ने उसे रोकने के लिए लाठी का इस्तेमाल किया, लेकिन हमलावर ने गेट के पास उस पर भी हमला कर दिया।
पारिवारिक विवाद के बाद काउंसलिंग के लिए बुलाया था
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी की पहचान नबील (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जामा मस्जिद इलाके के काला महल का निवासी है। नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। परिजनों का आरोप था कि वह घर में उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता है। इसी सिलसिले में सब-इंस्पेक्टर अजय ने उसे फोन कर बुलाया था।
हमला करने के बाद नबील थाने से फरार हो गया और भागने के लिए उसने एक आम नागरिक का स्कूटर छीन लिया। दिल्ली पुलिस ने उसकी तलाश के लिए ATS और स्पेशल स्टाफ समेत छह टीमें तैनात कीं। शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिस ने उसे चितली कैंप इलाके में घेरा, तो उसने फिर से हमला कर दिया, जिसमें चार कॉन्स्टेबल घायल हो गए। अंत में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें नबील के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब नबील की गूगल सर्च हिस्ट्री और सोशल मीडिया एक्टिविटी की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हमले के पीछे किसी खास विचारधारा या ऑनलाइन कंटेंट का प्रभाव तो नहीं था। हालांकि, डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर ने स्पष्ट किया है कि आरोपी मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ है।