जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों पर हमला, हमले की वजह अब तक नहीं मिली: पुलिस
जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने वाले नबील की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हमले के असली मकसद की तलाश कर रही है।

सेंट्रल दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों पर हुए खूनी हमले के मामले में अब तक कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नबील ने जिस तरह से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया, उसके पीछे का कोई स्पष्ट कारण समझ नहीं आ रहा है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपने पारिवारिक विवादों को लेकर काफी परेशान था और संभवतः उसने अपना गुस्सा पुलिसकर्मियों पर निकाल दिया।
यह पूरी घटना सोमवार दोपहर की है, जब करीब 2:30 बजे नबील को एक पारिवारिक विवाद के सिलसिले में पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। दरअसल, नबील की मां और बहन ने शिकायत की थी कि वह उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता है और उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। इसी मामले में काउंसलिंग के लिए जब सब-इंस्पेक्टर अजय ने उसे फोन कर बुलाया, तो वह स्टेशन पहुंचा और अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
भगदड़ और दहशत के बीच आरोपी का खूनी खेल
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और भागने के लिए उसने एक आम नागरिक का स्कूटर छीन लिया। पुलिस की कई टीमों, जिनमें स्पेशल स्टाफ और ATS भी शामिल थे, ने उसकी तलाश शुरू की। जब पुलिस ने उसे चितली कैंप इलाके के पास घेर लिया और सरेंडर करने को कहा, तो उसने फिर से चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस दौरान चार और कॉन्स्टेबल घायल हुए, जिन्हें तुरंत LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया। अंततः पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे दबोच लिया।
घटनास्थल के पास दुकान चलाने वाले मुदस्सिर ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक इलाके में भगदड़ मच गई और गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे डरकर सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर ली थीं। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी नबील मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ है, इसलिए उसके इस हिंसक व्यवहार के पीछे की असली वजह क्या थी, इसकी गहन जांच की जा रही है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसमें 2022 में दरियागंज थाने में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल जामा मस्जिद और चांदनी महल पुलिस स्टेशनों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।