जहांगीरपुरी में खूनी विवाद: ई-रिक्शा चालक की लकड़ी से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जहांगीरपुरी में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद 65 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की लकड़ी से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

देश की राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में हुए एक मामूली झगड़े ने खूनी मोड़ ले लिया, जिसमें एक 65 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गोवर्धन के रूप में हुई है। शुरुआत में गोवर्धन का शव जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में मिला था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि गोवर्धन और 32 वर्षीय विकास नाम का व्यक्ति एक साथ शराब पी रहे थे।
नशे की हालत में हुआ विवाद और फिर वारदात
पुलिस के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे शराब के नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि विकास ने पास रखे एक लकड़ी के डंडे (चौकीदार डंडा) से गोवर्धन पर हमला कर दिया। हमले में गोवर्धन को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी विकास को धर-दबोचा और अब उससे पूछताछ की जा रही है।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने महेंद्र पार्क इलाके में एक अन्य मर्डर केस में भी बड़ी कामयाबी हासिल की है। यहाँ 45 वर्षीय विजय प्रकाश उर्फ सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने चार युवकों—सुमित (22), सोनू (19), राहुल उर्फ सिकंजी (23) और सोनू (23)—के साथ एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से इन आरोपियों तक पहुँच बनाई। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।