कनॉट प्लेस में दिल्ली सरकार की 'जगमग दिवाली' शुरू, ड्रोन शो ने मोहा मन
दिल्ली सरकार ने कनॉट प्लेस में 'जगमग दिवाली' उत्सव की शुरुआत की। ड्रोन शो और महाआरती के साथ शहर में उत्सव का माहौल है।

राजधानी के दिल कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क अब रोशनी और उत्सव के रंगों में सराबोर है। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को 'जगमग दिवाली' उत्सव का भव्य आगाज किया। 'दिल्ली की दिवाली – सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली' अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम 7 नवंबर तक चलेगा, जिसमें हर शाम 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक रौनक देखने को मिलेगी।
इस खास आयोजन की शुरुआत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। उनके साथ पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, मंत्री रविंदर इंद्रज सिंह और विधायक अभय वर्मा व अनिल कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। उद्घाटन के मौके पर सबसे बड़ा आकर्षण हाई-टेक ड्रोन शो रहा, जिसमें आसमान में भगवान राम, माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और 'विकसित भारत' की शानदार आकृतियां बनाई गईं। इसके बाद माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पारंपरिक महाआरती की गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
संगीत और प्रतियोगिताओं का तड़का
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का मकसद कनॉट प्लेस में सकारात्मकता लाना और लोगों को एक साथ जोड़ना है, ताकि यह जगह विरोध प्रदर्शनों के बजाय खुशियों और उत्सव के लिए जानी जाए। सरकार ने स्थानीय मार्केट एसोसिएशन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWAs) के साथ मिलकर इस उत्सव का दायरा बढ़ाया है।
उत्सव के दूसरे दिन यानी 7 नवंबर को 'दीपोत्सव' के तहत दीपोत्सव समारोह और 'भजन क्लबिंग' का आयोजन होगा, जहां भक्ति गीतों को आधुनिक संगीत के साथ पेश किया जाएगा। इसके अलावा, आम जनता के लिए कई दिलचस्प प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं:
- RWA रंगोली: रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के लिए रंगोली प्रतियोगिता।
- शूट 'एन शाइन: फोटोग्राफी प्रतियोगिता।
- रील इट: शॉर्ट-फॉर्म वीडियो कंटेंट प्रतियोगिता।
इन प्रतियोगिताओं में सस्टेनेबिलिटी, विरासत और ईको-फ्रेंडली दिवाली जैसे विषयों पर आधारित एंट्रीज को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।