दिल्ली एयरपोर्ट पर हड़कंप: चेन्नई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट को मिली बॉम्ब की धमकी
दिल्ली एयरपोर्ट पर चेन्नई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 6091 को बॉम्ब धमकी मिलने के बाद ग्राउंड किया गया। विमान की गहन जांच जारी है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चेन्नई के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 6091 को बॉम्ब की धमकी मिली। इस इंडिगो फ्लाइट बॉम्ब धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत एक्शन लिया और विमान को टेक-ऑफ से ठीक पहले ग्राउंड कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर की है। ए321 नियो विमान अपने निर्धारित समय दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरने के लिए तैयार था और गेट से पुश-बैक भी कर चुका था। तभी विमान के एक वॉशरूम (लैट्रिन) के अंदर एक धमकी भरा संदेश मिला, जिस पर लिखा था- 'Do not fly 6E 6091' (6E 6091 से उड़ान न भरें)।
सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन बे में भेजा गया विमान
जैसे ही इस संदेश की जानकारी मिली, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को तुरंत सूचित किया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को तुरंत रनवे से हटाकर दिल्ली एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में भेज दिया गया। वहां सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम द्वारा विमान की गहन एंटी-सबोटेज जांच की जा रही है।
इस घटना के दौरान विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी उपलब्ध नहीं हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों के मामले में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि होती है, इसलिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान को खाली कराकर उसकी तलाशी ली जा रही है। फिलहाल, इंडिगो की ओर से इस पूरे मामले पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।