वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026: दिल्ली में भारत का जलवा, पहले दो दिनों में जीते 20 पदक
दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 के पहले दो दिनों में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 पदक अपने नाम किए हैं।

देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। प्रतियोगिता के पहले दो फाइनल दिनों में भारत ने कुल 20 पदक जीतकर दुनिया को अपनी काबिलियत दिखाई है। पदकों की कुल संख्या के मामले में भारत ने रूस, कजाकिस्तान और तुर्की के बाद चौथा स्थान हासिल किया है। यह आयोजन पहली बार भारत में किया जा रहा है, जो ईस्ट दिल्ली के द लीला एम्बिएंस कन्वेंशन होटल में संपन्न हो रहा है।
इस भव्य आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने किया। इस चैंपियनशिप की मेजबानी 'पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया' (PAFI) द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम में वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष एसेन हड्जिटोडोरोव और एशियाई आर्मरेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष जीनबेक मुकाम्बेटोव समेत कई अंतरराष्ट्रीय दिग्गज मौजूद रहे।
भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
भारत के मास्टर्स वर्ग ने कुल 4 स्वर्ण, 1 रजत और 7 कांस्य पदक जीते। जिनसिमोल सेबस्टियन ने ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम वर्ग में दोनों हाथों में जीत दर्ज कर भारत के लिए एकमात्र डबल गोल्ड हासिल किया। वहीं, योगेश चौधरी (मास्टर महिला +80 किग्रा) ने राइट-आर्म में गोल्ड और शौकत वीटी (मास्टर पुरुष -60 किग्रा) ने लेफ्ट-आर्म में ब्रोंज पदक जीता।
अन्य सफल खिलाड़ियों में मिनिमोल जोस और प्रीथा सी ने ग्रैंड मास्टर महिला +80 किग्रा राइट-आर्म में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। प्रिया पाय्यान कुनहीवीट्टिल और मिनी के ने भी अपने वर्ग में दोनों हाथों में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।
युवा खिलाड़ियों में जिमीसन मारवेन ने यूथ पुरुष 65 किग्रा में सिल्वर मेडल जीता। इसके अलावा आभास राणा, लैथनसांगा, अजय कुमार और विष्णुप्रिया पी ने कांस्य पदक हासिल किए। सब-जूनियर लड़कों में आर्यन सिंह, युमनाम चिंगखेई सिंह और शेन सालिश ने भी ब्रोंज मेडल अपने नाम किए।
बता दें कि प्रो पंजा लीग (PPL) भारतीय आर्मरेसलर्स को एक प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में, पदक विजेता योगेश चौधरी और आभास राणा 28 नवंबर 2026 को पुणे में होने वाले 'PPL पूनवाला गोल्ड एडिशन II' में नजर आएंगे, जहाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।