वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप: दिल्ली में भारत का जलवा, जीते 20 पदक
दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 पदक जीते हैं। जानें किन खिलाड़ियों ने मारी बाजी।

देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। प्रतियोगिता के शुरुआती दो फाइनल दिनों में ही भारत ने कुल 20 पदक अपने नाम कर लिए हैं। ईस्ट दिल्ली के द लीला एम्बिएंस कन्वेंशन होटल में चल रहे इस महाकुंभ में भारत अब पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि रूस, कजाकिस्तान और तुर्की शीर्ष तीन स्थानों पर काबिज हैं।
भारत की इस शानदार उपलब्धि में 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 14 ब्रोंज मेडल शामिल हैं। भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चमक जिनसिमोल सेबस्टियन के नाम रही, जिन्होंने ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम श्रेणी में दोनों हाथों से मुकाबला जीतकर डबल गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा योगेश चौधरी ने मास्टर महिला +80 किलोग्राम (दाहिने हाथ) और शौकत वीटी ने मास्टर पुरुष -60 किलोग्राम (दाहिने हाथ) कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाया।
इन खिलाड़ियों ने भी लहराया परचम
गोल्ड के अलावा सिल्वर और ब्रोंज कैटेगरी में भी भारत का दबदबा रहा। मिनिमोल जोस ने ग्रैंड मास्टर महिला +80 किलोग्राम (दाहिने हाथ) श्रेणी में सिल्वर मेडल जीता। वहीं प्रीता सी, प्रिया पाय्यान कुनहीवेट्टिल और मिनी के ने विभिन्न मास्टर और ग्रैंड मास्टर श्रेणियों में मुकाबला करते हुए ब्रोंज मेडल हासिल किए।
बता दें कि इस चैंपियनशिप का आयोजन 26 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक चल रहा है, जिसे वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन के मार्गदर्शन में 'पीपल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया' (PAFI) द्वारा आयोजित किया गया है। इस इवेंट का उद्घाटन केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने किया, जिन्होंने इस खेल के प्रति सरकार के निरंतर समर्थन का भरोसा दिलाया।
प्रतियोगिता के शेड्यूल की बात करें तो 31 अक्टूबर तक सब-जूनियर, जूनियर और यूथ कैटेगरी के मुकाबले होंगे। इसके बाद 1 और 2 नवंबर को पैरा आर्मरेसलिंग के मैच होंगे और 3 से 6 नवंबर तक सीनियर क्लास के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस पूरे आयोजन को PAFI की अध्यक्ष प्रीति झंगियानी और प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास लीड कर रहे हैं।