भारत में टेलीफोन यूजर्स की संख्या 1.36 अरब के पार, TRAI ने जारी किए आंकड़े
TRAI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में टेलीफोन यूजर्स की संख्या 1.36 अरब पार कर गई है। जानें किस राज्य में है सबसे ज्यादा कनेक्टिविटी।

भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार तेजी से हो रहा है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 के अंत तक देश में कुल टेलीफोन सब्सक्राइबर बेस (वायरलेस और वायरलाइन मिलाकर) बढ़कर 1.368 अरब तक पहुंच गया है। इसमें वायरलेस मोबाइल सेगमेंट की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है, जहां कुल सब्सक्राइबर्स की संख्या 1.3 अरब दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मोबाइल यूजर्स की संख्या में महीने-दर-महीने 0.51% की बढ़ोतरी देखी गई है। अगर देश की कुल टेली-डेंसिटी की बात करें, तो यह बढ़कर 95.52% हो गई है। हालांकि, शहरी और ग्रामीण इलाकों के बीच कनेक्टिविटी का अंतर अब भी काफी बड़ा है। जहां शहरी क्षेत्रों में टेली-डेंसिटी 155.85% रही, वहीं ग्रामीण इलाकों में यह केवल 61.30% ही दर्ज की गई है।
दिल्ली सबसे आगे, बिहार सबसे पीछे
क्षेत्रीय आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली देश के सभी लाइसेंस सेवा क्षेत्रों में सबसे ऊपर है, जहां टेली-डेंसिटी 375.65% दर्ज की गई है। इसके विपरीत, बिहार में यह आंकड़ा सबसे कम 64.49% रहा। कनेक्टिविटी के साथ-साथ ब्रॉडबैंड यूजर्स की संख्या में भी इजाफा हुआ है, जो 0.59% की मासिक वृद्धि के साथ कुल 1.108 अरब तक पहुंच गया है।
सिर्फ सितंबर महीने की बात करें तो भारत ने 6.57 मिलियन नए मोबाइल सब्सक्राइबर्स जोड़े हैं। इन नए यूजर्स को जोड़ने की दौड़ में रिलायंस जियो 2.71 मिलियन नए ग्राहकों के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद भारती एयरटेल ने 2.69 मिलियन, बीएसएनएल (BSNL) ने 625,633 और वोडाफोन आइडिया ने 550,119 नए यूजर्स अपने नेटवर्क से जोड़े हैं।