भारत मंडपम में 13 नवंबर से सजेगा 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर
प्रगति मैदान के भारत मंडपम में 13 नवंबर से 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर शुरू होगा। जानें टिकट रेट और खास आकर्षण।

दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में एक बार फिर व्यापार और संस्कृति का महाकुंभ लगने जा रहा है। 13 नवंबर 2026 को 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) का भव्य शुभारंभ होगा। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) द्वारा आयोजित यह मेला 27 नवंबर तक चलेगा, जहां देश-दुनिया की बेहतरीन चीजों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस बार के मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजने के संदेश को दुनिया तक पहुंचाना है। आईटीपीओ के चेयरमैन जावेद अशरफ ने बताया कि प्रदर्शकों की सुविधा और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाने के लिए उद्घाटन की तारीख 13 नवंबर तय की गई है। इस खास मौके पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल उद्घाटन करेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
स्टार्टअप्स का दम और टिकट की दरें
इस साल का ट्रेड फेयर काफी व्यापक होने वाला है। इसमें भारत के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ 51 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों ने हिस्सा लिया है। इसके अलावा 10 देशों के प्रतिनिधि और कई सार्वजनिक क्षेत्र के संगठन व बैंक भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण 'इनोवेशन बाजार' होगा, जहां करीब 600 स्टार्टअप्स अपने नए आइडियाज पेश करेंगे। साथ ही, अलग-अलग जिलों के खास उत्पादों के लिए एक समर्पित पवेलियन भी बनाया गया है।
टिकट की कीमतों में चार साल बाद बदलाव किया गया है। बिजनेस डेज (14 से 18 नवंबर) के लिए एंट्री फीस 500 रुपये रखी गई है। आम जनता के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुला रहेगा। पब्लिक डेज में बड़ों के लिए टिकट 100 रुपये और बच्चों के लिए 50 रुपये का होगा, जबकि वीकेंड पर बड़ों के लिए 200 रुपये और बच्चों के लिए 100 रुपये का शुल्क देना होगा।
टिकट खरीदने के लिए आईटीपीओ की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और दिल्ली मेट्रो के लगभग 50 स्टेशनों पर काउंटर उपलब्ध होंगे। प्रशासन ने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है, हालांकि आयोजन स्थल पर करीब 4,000 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।