2047 तक 1.2 ट्रिलियन डॉलर हो सकता है इंडिया कैपिटल गुड्स मार्केट, डेटा सेंटर और चिप्स बढ़ाएंगे रफ्तार
CII और BCG की रिपोर्ट के मुताबिक डेटा सेंटर और चिप्स के दम पर भारत का कैपिटल गुड्स मार्केट 2047 तक 1.2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।

भारत के औद्योगिक विकास में एक बड़ी छलांग लगने वाली है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) और बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) की एक साझा रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिया कैपिटल गुड्स मार्केट साल 2047 तक 1 से 1.2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है। इस जबरदस्त बढ़त के पीछे डेटा सेंटर्स, सेमीकंडक्टर्स, डिफेंस और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में होने वाले भारी निवेश का बड़ा हाथ होगा।
रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर्स और डेटा सेंटर्स में सालाना पूंजीगत व्यय (Capex) में भारी उछाल आने वाला है। वित्त वर्ष 2023-25 में यह करीब 30,000 करोड़ रुपये था, जिसके वित्त वर्ष 2027-29 तक बढ़कर 1.2 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। यह किसी भी अन्य सेक्टर के मुकाबले सबसे तेज रफ्तार से बढ़ने वाला सेगमेंट होगा। अकेले डेटा सेंटर्स में हर साल लगभग 30,000 करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है, जिससे ट्रांसफॉर्मर, स्विचगियर और कूलिंग सिस्टम जैसी मशीनों की मांग बढ़ेगी।
इन सेक्टरों में दिख रहा है सबसे ज्यादा दम
इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट के व्यापक दायरे की बात करें तो प्रमुख एंड-यूज़ इंडस्ट्रीज में सालाना पूंजीगत व्यय 30 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। यह वित्त वर्ष 2023-25 के 24 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2027-29 तक 32 लाख करोड़ रुपये हो सकता है। CII के कैपिटल गुड्स पल्स सर्वे 2026 के आंकड़े बताते हैं कि 73 प्रतिशत लोग इस सेक्टर को लेकर काफी सकारात्मक हैं और 65 प्रतिशत कंपनियां अगले पांच वर्षों में अपना निवेश बढ़ाने की योजना बना रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं:
- रिन्यूएबल एनर्जी और क्लीन टेक: यहां निवेश करीब 130 प्रतिशत बढ़कर 3.7 लाख करोड़ रुपये तक जा सकता है।
- डिफेंस और एयरोस्पेस: इस क्षेत्र में खर्च 60 प्रतिशत बढ़कर 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
हालांकि, रिपोर्ट में एक चुनौती का जिक्र भी किया गया है। वर्तमान में भारत की घरेलू मांग का एक तिहाई से ज्यादा हिस्सा आयात (Imports) से पूरा होता है। इसे सुधारने के लिए स्वदेशी तकनीक और डिजाइन क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है। लक्ष्य यह है कि 2047 तक आयात को घटाकर 20 प्रतिशत से कम किया जाए और निर्यात को घरेलू उत्पादन के 40 प्रतिशत से अधिक तक ले जाया जाए। इसके लिए CII और BCG ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D), टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और स्किल डेवलपमेंट में निवेश बढ़ाने की सलाह दी है।