इंडिया गठबंधन की आज अहम बैठक, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज पर होगी चर्चा

नई दिल्ली में आज होने वाली इंडिया गठबंधन की अहम बैठक में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद हरेंद्र मलिक और मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह बैठक नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुलाई गई है, जिसमें गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होकर कई जरूरी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सपा सांसदों हरेंद्र मलिक और लोकसभा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को पार्टी की तरफ से इस बैठक में अपनी बात रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इस बैठक में मुख्य रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर चर्चा होने की उम्मीद है, खासकर निर्वाचन आयोग के भीतर इस मुद्दे पर मतभेदों की हालिया खबरों के बाद यह मामला काफी महत्वपूर्ण हो गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे क्योंकि पार्टी ने बुधवार को लखनऊ में एक राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया है और इसके साथ ही राज्यसभा नामांकन की प्रक्रिया भी चल रही है।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कड़ा हमला बोला और उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की कठपुतली करार दिया। खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 सालों में हमारे लोकतंत्र की मजबूत नींव को सुनियोजित साजिश के तहत खोखला कर दिया है। उन्होंने कहा कि सोची-समझकर रची जा रही साजिशों के तहत मतदाता सूचियों से नाम हटाए जा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त मोदी सरकार के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि 2027 में पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए यह बेहद जरूरी है कि किसी भी मतदाता के अधिकार का हनन न हो और हर नागरिक का वोट सुरक्षित व निष्पक्ष रूप से गिना जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बना रहे।