इंडिया गठबंधन की आज अहम बैठक, एसआईआर विवाद और चुनाव आयोग पर होगी चर्चा

इंडिया गठबंधन की आज नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक और मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। समाजवादी पार्टी ने इन दोनों नेताओं को गठबंधन की चर्चाओं में पार्टी का पक्ष रखने के लिए नामित किया है। इस बैठक में मुख्य रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव आयोग के कामकाज पर चर्चा होने की उम्मीद है।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। लखनऊ में बुधवार को पार्टी द्वारा राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया है और साथ ही राज्यसभा नामांकन की प्रक्रिया भी चल रही है, जिसके चलते वे इस बैठक में भाग नहीं ले पाएंगे।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे ने मुख्य चुनाव आयोग को लेकर तीखा हमला बोला है। नई दिल्ली में हुई कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में खर्गे ने मुख्य चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 सालों में लोकतांत्रिक नींव को कमजोर किया गया है और मतदाता सूचियों से नाम हटाए जा रहे हैं। खर्गे ने कहा कि 2027 में पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी मतदाता के अधिकार का हनन न हो।