IMD का अलर्ट: 18 राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, महाराष्ट्र में तपिश बरकरार

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। 12 अक्टूबर 2026 के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, देश के 18 राज्यों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। जहां एक तरफ उत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलने वाला है, वहीं महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में लोग अब भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं।
दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और तटीय आंध्र प्रदेश समेत रायलसीमा में छिटपुट बारिश की संभावना है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय के लिए 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 अक्टूबर तक रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया गया है। झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ मौसम खराब रह सकता है।
दिल्ली-NCR में तेज हवाओं का अलर्ट, महाराष्ट्र में हीटवेव
उत्तर-पश्चिम भारत में हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने बताया है कि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 33°C से 35°C के बीच रह सकता है। यहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पंजाब में भी इसी तरह की तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इन सबके उलट, महाराष्ट्र के मुंबई मेट्रोपिटन रीजन और कोंकण बेल्ट में गर्मी का असर बना हुआ है। यहां तापमान सामान्य से 2°C से 7°C अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि, मुंबई और रत्नागिरी में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है, लेकिन IMD ने 12 अक्टूबर के लिए 'ग्रीन अलर्ट' जारी किया है, जिसका मतलब है कि फिलहाल किसी आपातकालीन कार्रवाई की जरूरत नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपनी वापसी के चरण में है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून के झारखंड के शेष हिस्सों, पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों से पूरी तरह लौटने की उम्मीद है।