IMD का अलर्ट: देश के 12 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव के चलते देश के 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी झारखंड, तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण मौसम का मिजाज बदल रहा है, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक भारी बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 9 अक्टूबर से 14 अक्टूबर के बीच उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मौसम खराब रहेगा। इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ों पर लैंडस्लाइड और दिल्ली-NCR में अलर्ट
पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के साथ भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा जताया गया है, जिससे प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, जहां भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में 14 अक्टूबर तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रह सकती है।
उत्तर प्रदेश की बात करें तो लखनऊ में 9 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिसके बाद 10 अक्टूबर को मौसम साफ होने की उम्मीद है। वहीं, बिहार और झारखंड सहित पूर्वी भारत के राज्यों में 10 अक्टूबर तक बिजली कड़कने और तेज हवाओं का असर रहेगा।
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी 10 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले 3-4 दिनों में मध्य और पूर्वी भारत से मानसून की विदाई हो सकती है, जबकि अक्टूबर के मध्य तक दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय होने की संभावना है।
वहीं, 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure System) बनने के आसार हैं, जिसके चलते अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 और 14 अक्टूबर को भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।