सावधान! दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में ओले और भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अक्टूबर के मध्य में भारत के विभिन्न राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और ओले गिरने की संभावना जताई है। सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है, जहां अचानक मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर ओले गिर सकते हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
दक्षिण भारत और अन्य राज्यों का हाल
उत्तर भारत के साथ-साथ दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर लंबा चलेगा। 15 अक्टूबर से दक्षिणी प्रायद्वीप में 'वेट स्पेल' शुरू होने की उम्मीद है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 14 से 17 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है, जबकि रायलसीमा में 14 से 16 अक्टूबर तक छिटपुट भारी बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में 18 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो सीनियर साइंटिस्ट संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण हिमाचल प्रदेश में 13 से 15 अक्टूबर के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है:
- मध्य प्रदेश: पश्चिम एमपी में 15-16 अक्टूबर और पूर्व एमपी में 16-18 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है।
- छत्तीसगढ़ और विदर्भ: छत्तीसगढ़ में 12 से 18 अक्टूबर और विदर्भ में 17-18 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।
- पूर्वी भारत: बिहार में 15 से 18 अक्टूबर, गंगेटिक पश्चिम बंगाल में 14 से 18 अक्टूबर और ओडिशा में 12 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे आने वाले दिनों में दक्षिणी प्रायद्वीप पर उत्तर-पूर्वी मानसून के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं।