मोती नगर की पेट शॉप से 103 संरक्षित वन्यजीव बरामद, मंत्री सिरसा बोले- दिल्ली में नहीं चलेगा अवैध व्यापार

राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी कि प्रशासन ने एक पेट शॉप पर छापेमारी कर कुल 103 संरक्षित वन्यजीवों को रेस्क्यू किया है। इस ऑपरेशन में 54 तोते और 49 कछुए बरामद किए गए हैं, जिनमें लुप्तप्राय इंडियन स्टार टॉर्टोइज़ भी शामिल हैं।
यह पूरी कार्रवाई वन एवं वन्यजीव विभाग और स्थानीय पुलिस के समन्वय से अंजाम दी गई। मंत्री सिरसा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिल्ली में अवैध वन्यजीव व्यापार के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जंगली पक्षियों या कछुओं को पालतू जानवरों के रूप में न खरीदें, क्योंकि यह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि प्रकृति के साथ खिलवाड़ भी है।
वन्यजीवों का उपचार और कानूनी कार्रवाई
बरामद किए गए सभी पक्षी और कछुए वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत सुरक्षित प्रजातियां हैं। फिलहाल इन सभी जानवरों को पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में रखा गया है। मेडिकल क्लियरेंस मिलने के बाद इन्हें वापस उनके प्राकृतिक आवास यानी जंगलों में छोड़ दिया जाएगा।
इस मामले में संबंधित पेट शॉप के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंत्री सिरसा ने इस सफल ऑपरेशन के लिए वन एवं वन्यजीव विभाग की तत्परता की सराहना की और दिल्ली पुलिस के साथ-साथ उन जागरूक नागरिकों का भी आभार जताया, जिन्होंने इस अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन को दी थी।