नोएडा में बनेगा IIT कानपुर का डीप टेक हब, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

यूपी कैबिनेट ने IIT कानपुर के नोएडा कैंपस में डीप टेक हब की मंजूरी दी है। ₹281 करोड़ की लागत से यह प्रोजेक्ट स्टार्टअप्स को नई उड़ान देगा।

Kittu Kumari21 November 20262 min read0 viewsNCR
नोएडा में बनेगा IIT कानपुर का डीप टेक हब, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य को तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में एक बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट ने IIT कानपुर के नोएडा कैंपस में 'डीप टेक यू-हब' (Deep Tech U-Hub) स्थापित करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह प्रोजेक्ट लैब में होने वाले रिसर्च और उसे बाजार तक पहुँचाने के बीच की दूरी को खत्म करेगा, ताकि नए आविष्कार सिर्फ प्रोटोटाइप तक सीमित न रहें और असल बिजनेस में बदल सकें।

281 करोड़ की लागत से तैयार होगा अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए राज्य सरकार ने करीब 281.03 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इसमें से वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बुनियादी ढांचे के विकास हेतु 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसमें 70 करोड़ रुपये राजस्व मद और 30 करोड़ रुपये पूंजीगत मद से दिए जाएंगे। यह पूरा हब करीब 7 लाख स्क्वायर फीट में फैला होगा, जिसमें नोएडा कैंपस में 5 लाख और IIIT लखनऊ के सिस्टर फैसिलिटी में 2 लाख स्क्वायर फीट का क्षेत्र शामिल है। निर्माण कार्य EPC मॉडल के तहत होगा और इसे 24 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

यह हब एक स्वतंत्र सेक्शन 8 नॉट-फॉर-प्रॉफिट कंपनी के रूप में काम करेगा, जो उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन (IT और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग) के अंतर्गत संचालित होगा। IIT कानपुर के डायरेक्टर प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल, जो 11 सदस्यीय बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, का कहना है कि यह फैसिलिटी रिसर्च को उस 'वैली ऑफ डेथ' से बचाएगी जहाँ अक्सर बेहतरीन प्रोटोटाइप कमर्शियल स्केल तक पहुँचने से पहले दम तोड़ देते हैं। इस प्रोजेक्ट की कमान प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रोफेसर दीपू फिलिप संभालेंगे।

नोएडा का यह डीप टेक हब मुख्य रूप से छह रणनीतिक क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा:

  • फिजिकल एआई और रोबोटिक्स
  • ऑटोनॉमस सिस्टम्स
  • सेमीकंडक्टर डिजाइन और OSAT
  • मेडटेक और बायोटेक्नोलॉजी
  • क्वांटम कंप्यूटिंग
  • डिफेंस टेक्नोलॉजी

पूरी क्षमता पर यह हब 40 से 50 स्टार्टअप्स को इनक्यूबेट करेगा। इन स्टार्टअप्स को साझा लैब, सर्टिफिकेशन सुविधाएं, निवेशकों का नेटवर्क और बौद्धिक संपदा (IP) सुरक्षा जैसी सुविधाएं मिलेंगी। स्टार्टअप्स का चयन एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति द्वारा उनके पेटेंट की मजबूती और तकनीकी ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर किया जाएगा। यह पहल 'विकसित भारत @2047' के विजन और उत्तर प्रदेश की एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।

Share:

Comments

Leave a comment