दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए IIT कानपुर करेगा क्लाउड सीडिंग की स्टडी
दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए IIT कानपुर क्लाउड सीडिंग की संभावनाओं की जांच कर रहा है। जानें क्या है पूरी योजना।

राजधानी दिल्ली में जहरीली हवा से जूझ रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए अब विज्ञान का सहारा लिया जा रहा है। दिल्ली क्लाउड सीडिंग की संभावनाओं पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर गहराई से अध्ययन कर रहा है। संस्थान के सूत्रों के मुताबिक, इस तकनीक का इस्तेमाल करने से पहले यह देखा जा रहा है कि क्या वातावरण में पर्याप्त नमी मौजूद है। अगर स्थितियां अनुकूल पाई गईं, तभी इस ऑपरेशन को आगे बढ़ाने का अंतिम फैसला लिया जाएगा।
तैयारियां इतनी पुख्ता हैं कि इस ऑपरेशन के लिए विमान पहले ही तैयार कर लिया गया है, जो दिल्ली से उड़ान भरेगा। क्लाउड सीडिंग के जरिए कृत्रिम बारिश कराने की कोशिश होगी ताकि हवा में मौजूद हानिकारक कण नीचे बैठ जाएं और प्रदूषण के स्तर में कमी आए।
प्रदूषण का हाल और सरकार के प्रयास
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा काफी खराब हो गई है, जिसमें गिरते तापमान और हल्के कोहरे ने स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। हालांकि, बुधवार सुबह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
शहर के अलग-अलग इलाकों की स्थिति काफी चिंताजनक है। छौला में AQI सबसे ज्यादा 396 दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक (379), डीटीयू (375) और आईआईटी दिल्ली (375) जैसे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' रही। वहीं, रोहिणी और अशोक विहार जैसे क्षेत्रों में AQI 298 के आसपास दर्ज हुआ। दिल्ली सरकार इस संकट से निपटने के लिए राज्य भर में वाटर स्प्रिंकलर (पानी के छिड़काव) का इस्तेमाल कर रही है ताकि धूल और पार्टिकुलेट मैटर को नियंत्रित किया जा सके।