IIT Delhi ने GenAI में छह महीने का सर्टिफिकेट प्रोग्राम किया लॉन्च

IIT Delhi के Continuing Education Programme (CEP) ने 25 अगस्त 2026 को Generative AI में Certificate Programme लॉन्च करने की आधिकारिक घोषणा की है। यह छह महीने का कोर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम को तैयार और डिप्लॉय करने में सक्षम प्रोफेशनल्स की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है। Michael Page Talent Trends India 2026 रिपोर्ट के अनुसार भारतीय प्रोफेशनल्स के बीच Generative AI का इस्तेमाल 2024 में 47 प्रतिशत से बढ़कर 73 प्रतिशत हो गया है।
कोर्स की रूपरेखा और योग्यता
IIT Delhi के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग और Yardi School of Artificial Intelligence के प्रोफेसर Prof. Tanmoy Chakraborty ने बताया कि हालांकि Generative AI एक व्यावहारिक क्षमता बन रहा है, लेकिन मौजूदा चुनौती इन प्रणालियों को प्रभावी ढंग से बनाने और लागू करने की विशेषज्ञता विकसित करना है। यह प्रोग्राम इंजीनियरिंग, कंप्यूटिंग और STEM पृष्ठभूमि के छात्रों, स्नातकों और कामकाजी प्रोफेशनल्स के लिए है, जिसमें कोडिंग की पहले से जानकारी रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कक्षाएं और फीस की जानकारी
यह प्रोग्राम Direct-to-Device (D2D) फॉर्मेट में लाइव ऑनलाइन इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से दिया जाएगा और इसमें IIT Delhi में एक दिन का वैकल्पिक कैंपस अनुभव भी शामिल है। इस पाठ्यक्रम में मशीन लर्निंग के लिए गणितीय आधार, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP), रिस्पॉसिबल AI, एजेंटिक AI और मल्टीमॉडल GenAI को कवर करने वाली 86 घंटे की लाइव क्लासेज और ट्यूटोरियल शामिल हैं। आगामी बैच 3 के लिए यह प्रोग्राम 17 अक्टूबर 2026 से अप्रैल 2027 तक चलेगा, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 है। इस बैच के लिए InterviewBit Software Services Pvt Ltd (Varsity) प्रोवाइडर के रूप में काम कर रहा है। कुल प्रोग्राम फीस 1,69,000 रुपये और उस पर 18 प्रतिशत GST है। CEP, IIT Delhi से ई-सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए छात्रों को न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति और कुल अंकों में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।