IIT दिल्ली में एग्रीटेक कोर्स का मौका, 6 महीने के ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम के लिए आवेदन शुरू
IIT दिल्ली ने एग्रीटेक में 6 महीने के ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम के लिए आवेदन मांगे हैं। जानें योग्यता, फीस और आवेदन की पूरी प्रक्रिया।

अगर आप खेती और तकनीक के संगम यानी एग्रीटेक (Agritech) में अपनी रुचि बढ़ाना चाहते हैं, तो IIT दिल्ली आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। संस्थान ने अपने छह महीने के ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कोर्स का प्रबंधन संस्थान के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (CEP) द्वारा किया जा रहा है और इसे सेंटर फॉर रूरल डेवलपमेंट एंड टेक्नोलॉजी (CRDT) द्वारा आयोजित किया गया है।
यह प्रोग्राम उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो आधुनिक तकनीक के जरिए कृषि क्षेत्र में बदलाव लाना चाहते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी, 2027 तय की गई है। यह कोर्स 28 फरवरी, 2027 से शुरू होकर 21 अगस्त, 2027 तक चलेगा। खास बात यह है कि कामकाजी लोगों की सुविधा के लिए इसकी कक्षाएं केवल रविवार को दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक लाइव और इंटरैक्टिव ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।
कोर्स का सिलेबस और फीस की पूरी जानकारी
इस प्रोग्राम में कुल 66 घंटे की पढ़ाई होगी, जिसमें प्रोफेसर काव्या दशोरा सहित IIT दिल्ली के विशेषज्ञ फैकल्टी मार्गदर्शन करेंगे। पाठ्यक्रम में छह मुख्य मॉड्यूल और एक अनिवार्य कैपस्टोन प्रोजेक्ट शामिल है। इसमें इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), सेंसर्स, ड्रोन, रिमोट सेंसिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे आधुनिक विषयों को कवर किया जाएगा। साथ ही, छात्रों को पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट और मार्केट लिंकेज जैसे बिजनेस मॉडल्स के बारे में भी सिखाया जाएगा।
योग्यता और फीस: इस कोर्स में दाखिले के लिए उम्मीदवार के पास पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या स्नातक डिग्री/डिप्लोमा (10+2+3 या 10+2+4 फॉर्मेट) होनी चाहिए। सबसे अच्छी बात यह है कि आवेदन के लिए कृषि या तकनीक में पहले से किसी अनुभव की जरूरत नहीं है।
- कुल फीस: ₹1,30,000 (प्लस 18% GST), यानी कुल ₹1,53,400।
- आवेदन शुल्क: ₹1,000 प्लस GST (नॉन-रिफंडेबल)।
- किस्त सुविधा: चयनित उम्मीदवारों के लिए फीस किस्तों में चुकाने का विकल्प भी उपलब्ध है।
कोर्स पूरा होने के बाद, छात्रों को उनके प्रदर्शन के आधार पर दो तरह के ई-सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। जिन छात्रों की उपस्थिति कम से कम 50% होगी और वे कुल स्कोर में 50% अंक लाएंगे, उन्हें 'सर्टिफिकेट ऑफ कम्पलीशन' मिलेगा। वहीं, जो 50% उपस्थिति तो रखेंगे लेकिन अंक 50% से कम होंगे, उन्हें 'सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन' दिया जाएगा।