IGI एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, बैंकॉक से आए यात्री से 4.5 करोड़ का गांजा बरामद

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बैंकॉक से भारत लौटे एक यात्री के पास से करीब 4.5 करोड़ रुपये मूल्य का हाई-ग्रेड गांजा (Marijuana) जब्त किया गया है। कस्टम विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरी घटना मंगलवार को एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर हुई। दिल्ली कस्टम (एयरपोर्ट एंड जनरल) के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2335 से बैंकॉक से एक भारतीय यात्री भारत पहुंचा था। अधिकारियों ने पहले से की गई प्रोफाइलिंग और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इस यात्री को अपने निशाने पर लिया था। जब यात्री ग्रीन चैनल से गुजर रहा था, तभी सतर्क अधिकारियों ने उसे रोक लिया और उसकी तलाशी शुरू की।
सिल्वर ट्रॉली बैग में छिपाया था नशा
जांच के दौरान यात्री के पास मौजूद एक मैटेलिक सिल्वर रंग के ट्रॉली बैग की बारीकी से तलाशी ली गई। बैग के अंदर 13 पॉलिथीन पाउच मिले, जिनमें भारी मात्रा में संदिग्ध गांजा भरा हुआ था। जब इस खेप को तौला गया, तो इसका कुल शुद्ध वजन 12,859.5 ग्राम (लगभग 12.8 किलो) पाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हाई-ग्रेड ड्रग्स की कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कस्टम विभाग ने इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की है। आरोपी यात्री को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट, 1985 की धारा 43(B) के तहत गिरफ्तार किया गया है, जबकि प्रतिबंधित पदार्थ को धारा 43(A) के तहत जब्त किया गया है। इसके अलावा, मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20, 23 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है और इस खेप की डिलीवरी किसे की जानी थी।