IGI एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई: बैंकॉक से लाया 4.5 करोड़ का गांजा, यात्री गिरफ्तार

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने नशे की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से करीब 4.5 करोड़ रुपये मूल्य का हाई-ग्रेड गांजा बरामद हुआ है। यह पूरी कार्रवाई कस्टम विभाग की सतर्कता और टारगेट प्रोफाइलिंग के बाद संभव हो पाई।
टॉली बैग में छिपाकर लाया था नशा
जानकारी के मुताबिक, यह यात्री बैंकॉक से फ्लाइट AI-2335 के जरिए दिल्ली पहुंचा था। संदेह होने पर अधिकारियों ने उसे 'ग्रीन चैनल' से हटाकर गहन जांच के लिए भेजा। जब उसके सिल्वर रंग के मैटेलिक ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो अधिकारी दंग रह गए। बैग के अंदर 13 पॉलिथीन पाउच में छिपाकर रखा गया नशीला पदार्थ मिला।
तोलने पर इस खेप का कुल वजन 12,859.5 ग्राम (लगभग 12.85 किलोग्राम) पाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हाई-ग्रेड गांजे की कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस गंभीर अपराध के लिए आरोपी यात्री को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट, 1985 की धारा 43(B) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। कस्टम अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20, 23 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है ताकि इस तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।