इंडिया क्लीन-अप कॉन्फ्लुएंस (ICUC 3.0) का तीसरा संस्करण नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन 19 और 20 सितंबर को वर्ल्ड क्लीनअप डे के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था, जिसमें 600 से अधिक प्रतिनिधियों और 80 से अधिक संगठनों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में एनजीओ, नागरिक समूह, कॉर्पोरेट, सीएसआर नेता, स्थिरता विशेषज्ञ और युवा शामिल रहे।
दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को साफ-थरा बनाने के लिए युवाओं, एनजीओ और नागरिक समूहों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। यह काम अकेले सरकार नहीं कर सकती, बल्कि सबको मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में कई प्रमुख वक्ताओं ने अपने विचार रखे, जिनमें पीपुल बाबा, रामवीर तंवर, डॉ. पुलक भौमिक, जगन शाह, उत्सव कंबोज, अंजन राव पुट्टिगे और प्रतिमा सिंह शामिल रहे। ICUC 3.0 में एक नई पहल 'मेंटर मैचमैट्रिक' जोड़ी गई, जिसने एनजीओ को कॉर्पोरेट और व्यावसायिक दुनिया के अनुभवी पेशेवरों के साथ जोड़ा। इसके अलावा 'क्रिटिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर' और 'द ग्रीन पे-चेक' जैसे सत्रों में शहरी विकास और स्थिरता में करियर के अवसरों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान चिंतन और एमसीडी के सहयोग से काम करने वाले 10 सफाई योद्धाओं को सम्मानित किया गया। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स नई दिल्ली के सहयोग से प्रत्येक कार्यकर्ता को 15,000 रुपये का स्वास्थ्य पैकेज दिया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन लाल किले और अंगूरी बाग पार्क में सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के 500 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।