हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अब मिलेंगे प्रीमियम फ्लोरल कंफर्टर, रेलवे ने बढ़ाई सुविधा

भारतीय रेलवे ने अपने यात्रियों के सफर को और अधिक आरामदायक और खुशनुमा बनाने के लिए एक नया कदम उठाया है। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी (1st AC) कोच में अब यात्रियों को प्रीमियम फ्लोरल पैटर्न वाले कंफर्टर दिए जाएंगे। पूर्वी रेलवे द्वारा शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य न केवल यात्रियों के आराम को बढ़ाना है, बल्कि ट्रेन के भीतर के सौंदर्य को भी निखारना है।
इस नई सेवा की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 से की गई है, जिसे दुर्गा पूजा के उत्सव के साथ जोड़ा गया ताकि त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को एक प्रीमियम अनुभव मिल सके। रेलवे ने इस पहल के जरिए यह संदेश दिया है कि वह आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ यात्रियों की पसंद का भी ख्याल रख रहा है।
साफ-सफाई और हाइजीन पर विशेष जोर
अक्सर ट्रेनों में बेडरोल और कंबल की स्वच्छता को लेकर यात्रियों के मन में शंका रहती है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए पूर्वी रेलवे के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन नए फ्लोरल कंफर्टर्स की स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। हर राउंड ट्रिप पूरी होने के बाद इन कंफर्टर्स की गहन धुलाई और सैनिटाइजेशन किया जाएगा, ताकि अगले यात्री को पूरी तरह साफ और स्वच्छ बिस्तर मिले।
बता दें कि यह बदलाव रेलवे मंत्रालय के उस व्यापक आधुनिकिकरण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत पिछले साल से एसी कोचों में कवर वाले कंबल पेश किए गए थे। फिलहाल, भारी पुराने कंबलों की जगह इन नए डिजाइन वाले कंफर्टर्स को केवल कोलकाता राजधानी सेवा के फर्स्ट एसी क्लास में ही उपलब्ध कराया गया है।