दिल्ली जाने वाले सावधान! हिसार पुलिस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, सफर से पहले पढ़ें ये गाइडलाइन

अगर आप हिसार से दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय राजधानी में जारी तनावपूर्ण स्थिति और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए हिसार पुलिस ने यात्रियों के लिए एक औपचारिक एडवाइजरी जारी की है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों के कारण दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक की स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए 10 अक्टूबर से प्रदर्शन शुरू किया था। इस स्थिति को देखते हुए हिसार के पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धांत जैन ने छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों सहित सभी यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रूट की स्थिति और आधिकारिक ट्रैफिक अपडेट की जांच जरूर कर लें।
सफर के दौरान इन बातों का रखें खास ख्याल
एसपी सिद्धांत जैन ने सलाह दी है कि यात्री अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और सामान्य से अधिक समय लेकर चलें। उन्होंने विशेष रूप से उन इलाकों से बचने को कहा है जहां प्रदर्शन हो रहे हैं या जहां ट्रैफिक प्रतिबंध लागू हैं। पुलिस का कहना है कि यदि यात्रा बहुत जरूरी न हो, तो फिलहाल टाल देना ही बेहतर है ताकि नागरिक किसी भी अप्रिय स्थिति या जाम में फंसने से बच सकें।
दूसरी तरफ, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी स्थिति को संभालने के लिए नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के करीब 30 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है और करीब 4,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है।
हालांकि, 3,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों की हिरासत के बाद बंद हुए 45 मेट्रो स्टेशन 11 अक्टूबर तक फिर से खोल दिए गए थे। लेकिन तनाव अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। हरियाणा के रोहेड़ टोल सहित विभिन्न टोल प्लाजा पर पुलिस कड़ी चेकिंग कर रही है ताकि प्रदर्शनकारी दिल्ली में इकट्ठा न हो सकें। एमनेस्टी इंटरनेशनल इंडिया जैसे संगठनों ने इन प्रतिबंधों को अनुपातहीन बताया है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।