गुरुग्राम में सड़क हादसे में युवक की मौत पर सिविल अस्पताल में हंगामा और पुलिसकर्मी से हाथापाई

गुरुग्राम में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद सेक्टर 10 सिविल अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हादसे के बाद युवक को सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों का आरोप है कि हादसा करने वाला आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। इसी गुस्से में परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए और कहा कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाई जाती, वे शव नहीं उठाएंगे।
इसी दौरान सिविल ड्रेस में एक पुलिसकर्मी जानकारी लेने अस्पताल पहुंचा। गुस्साए परिजनों ने उसे आरोपी समझकर उसके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी, जिसे अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर बचाया।
बाद में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द आरोपी गिरफ्तार होगा। काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।