गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहे युवक ने की खुदकुशी, यूपी पुलिस के दरवाजा खटखटाते ही मारी गोली

Kittu Kumari26 August 20262 min read193 viewsNCR
गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहे युवक ने की खुदकुशी, यूपी पुलिस के दरवाजा खटखटाते ही मारी गोली

गुरुग्राम के राजीव नगर में लिव-इन में रह रहा था युवक

गुरुग्राम के सेक्टर-14 के राजीव नगर गली नंबर-3 में लिव-इन में रह रहे एक युवक ने सुसाइड कर लिया। दावा है कि यूपी पुलिस के चार जवान सिविल वर्दी में उसके कमरे पर आए थे और दरवाजा खटखटाते ही उसने बाथरूम में घुसकर खुद को गोली मार ली। मृतक की पहचान यूपी के बिजनौर निवासी 23 वर्षीय दीगेंद्र के रूप में हुई है। वह यहां अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रहता था। रक्षाबंधन पर उसकी बहन भी उसे राखी बांधने आई हुई थी। उसका दोस्त पंकज भी करीब डेढ़ महीने से उसके साथ ही छिपकर रह रहा था, जो किसी केस में फरार बताया जा रहा है।

दरवाजा खटखटाने पर बाथरूम में घुसा और चली गोली

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बुधवार सुबह करीब 6 बजे यूपी पुलिस के जवान कमरे पर पहुंचे थे। कमरा अंदर से बंद था और दरवाजा खटखटाते ही दीगेंद्र और पंकज बाथरूम में चले गए। कुछ देर बाद ही अंदर से गोली चलने की आवाज आई। गोली की आवाज सुनते ही यूपी पुलिस के जवान मौके से चले गए। अंदर से गोली की आवाज और चीख सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत सेक्टर-14 थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने दोस्त पर जताया हत्या का शक

परिजनों का कहना है कि दीगेंद्र करीब डेढ़ साल पहले अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गुरुग्राम आया था। इससे पहले वह हरिद्वार में बेकरी का काम करता था। परिजनों ने मृतक के दोस्त पंकज पर हत्या का शक जताया है। पुलिस के अनुसार दीगेंद्र पर पहले से ही हत्या सहित कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। सेक्टर-14 थाना प्रभारी अमित कुमार ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। पुलिस द्वारा परिजनों के लगाए गए आरोपों और घटना के समय यूपी पुलिस के आने की बात की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment