गुरुग्राम: कामकाजी महिला हॉस्टल पर ताला लगाने के आदेश दुर्भाग्यपूर्ण, पंकज डावर ने जताया विरोध

गुरुग्राम में कामकाजी महिला हॉस्टल को खाली कराने के आदेश से विवाद शुरू हो गया है। पंकज डावर ने इसे महिलाओं के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

Kittu Kumari23 October 20262 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: कामकाजी महिला हॉस्टल पर ताला लगाने के आदेश दुर्भाग्यपूर्ण, पंकज डावर ने जताया विरोध

गुरुग्राम के सिविल लाइंस इलाके में स्थित कामकाजी महिला हॉस्टल को बंद करने के प्रशासनिक फैसले ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस फैसले को महिलाओं के हितों के खिलाफ बताते हुए पंकज डावर ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। प्रशासन ने आदेश जारी किया है कि इस हॉस्टल को जल्द खाली कराया जाए और वहां ताला लगा दिया जाए, जिससे यहां रहने वाली उन महिलाओं की चिंता बढ़ गई है जो कम खर्च में रहकर अपनी आजीविका चला रही थीं।

कंडम बिल्डिंग में टेंडर देने पर उठे सवाल

इस पूरे मामले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पंकज डावर के मुताबिक, यह हॉस्टल साल 1984 में कांग्रेस सरकार के समय बनाया गया था। साल 2021 में इसकी जांच हुई और 2023 में बिल्डिंग को 'कंडम' (जर्जर) घोषित कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि जब बिल्डिंग रहने लायक नहीं थी, तो जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने इसे रिपेयर करवाकर एक निजी कंपनी (के.वी. एंटरप्राइजेज) को टेंडर पर क्यों दिया? चूंकि जिला उपायुक्त रेडक्रॉस सोसायटी के प्रधान होते हैं, इसलिए यह सवाल उठता है कि क्या उनकी जानकारी के बिना यह टेंडर दिया गया और महिलाओं की जान को खतरे में क्यों डाला गया।

अब प्रशासन ने उस टेंडर को रद्द करते हुए नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि 28 अक्टूबर 2026 तक इस आवास को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। महिलाओं को 15 दिन के भीतर हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया गया है।

पंकज डावर ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि केवल दावे करने के बजाय धरातल पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले भी नया हॉस्टल बनाने और सेक्टर-10 में एक अन्य हॉस्टल की घोषणा की थी, लेकिन वे वादे अब तक ठंडे बस्ते में हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक महिलाओं के लिए कोई नया और सुरक्षित विकल्प तैयार नहीं हो जाता, तब तक उन्हें किसी वैकल्पिक व्यवस्था में शिफ्ट किया जाना चाहिए ताकि उनकी परेशानी कम हो सके।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment