गुरुग्राम में बारिश और प्रदूषण के दिनों में मिले वर्क फ्रॉम होम की छूट, घटेगा ट्रैफिक

गुरुग्राम में बारिश के दौरान जलभराव और सर्दियों में वायु प्रदूषण की समस्या से राहत पाने के लिए घर से काम करने की व्यवस्था को लागू करने की मांग की गई है। प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी ने सरकार और जिला प्रशासन से इसके लिए एक स्थायी कार्ययोजना बनाने की मांग की है। जिन कर्मचारियों का काम घर से आसानी से हो सकता है, उन्हें खराब मौसम और अधिक प्रदूषण के दिनों में दफ्तर आने के लिए मजबूर न किया जाए।बारिश के दिनों में गुरुग्राम की कई सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जिससे यातायात की रफ्तार धीमी होती है और लंबा जाम लगता है। सर्दियों में वायु प्रदूषण बढ़ने पर भी बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर निकलने से वाहनों का धुआं प्रदूषण को और बढ़ाता है। गुरुग्राम में सूचना प्रौद्योगिकी, वित्तीय सेवाओं और अन्य दफ्तरों में ऐसा काम होता है जिसे कर्मचारी घर से कर सकते हैं। प्रशासन ऐसी संस्थानों की पहचान कर गंभीर स्थिति में घर से काम की अनुमति दे सकता है।घर से काम की व्यवस्था लागू होने से व्यस्त समय में सड़कों पर निजी कारों और टैक्सियों की संख्या कम होगी। इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी। साथ ही वाहनों के धुएं में कमी आने से वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है। प्रशासन को केवल प्रदूषण बढ़ने पर आदेश जारी करने के बजाय पहले से स्पष्ट नियम तय करने चाहिए।