गुरुग्राम के सेक्टर-37 औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम के दौरान हुए विवाद में सहकर्मी के हमले से 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सहकर्मी असलम को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गुरुग्राम में हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के जलालपुर गांव की रहने वाली शिवानी गुरुग्राम में एक पीजी में रहकर काम करती थी। वह सेक्टर-37 स्थित एनडीआर कंपनी में काम करती थी, जहां गाड़ियों के सीट कवर बनाए जाते हैं।
शनिवार देर शाम काम को लेकर शिवानी और असलम के बीच तीखी कहासुनी हो गई थी।विवाद बढ़ने के दौरान दोनों के बीच थप्पड़ मारने की बात सामने आई है, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी असलम ने कैंची से शिवानी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल हुई शिवानी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह शिवानी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस इस मामले में कंपनी के अन्य कर्मचारियों से भी लगातार पूछताछ कर रही है।