गुरुग्राम: दौहला गांव में महिला की हत्या, महज एक लाख के विवाद में चचेरे देवर ने रची साजिश
गुरुग्राम के दौहला गांव में महिला की हत्या की गुत्थी सुलझी। महज एक लाख रुपये के जमीन विवाद में चचेरे देवर ने रची थी साजिश।

गुरुग्राम के सोहना खंड स्थित दौहला गांव में एक 35 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को सोहना क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस ने मृतका के अंतिम संस्कार के महज 12 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को दबोच लिया। जांच में पता चला है कि इस खौफनाक साजिश के पीछे कोई बाहरी नहीं, बल्कि महिला का अपना चचेरा देवर ही था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, मुख्य आरोपी संदीप दौहला गांव का ही निवासी है। संदीप पूर्व में भारतीय सेना में था, लेकिन 2023 में धोखाधड़ी के चलते उसका कोर्ट मार्शल हो गया था। वारदात की वजह जमीन का एक छोटा सा लेन-देन था। संदीप अपने चचेरे भाई (मृतका के पति) की जमीन बिकवाना चाहता था और इसके लिए उसने एक लाख रुपये ब्याना दिया था। हालांकि, सौदा सस्ता होने के कारण महिला ने अपने पति के जरिए वह एक लाख रुपये वापस करवा दिए। इसी बात की रंजिश में संदीप ने हत्या की योजना बनाई।
सेना के पुराने साथियों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
संदीप ने इस काम के लिए अपने उन साथियों की मदद ली जिनसे उसकी मुलाकात सेना में तैनाती के दौरान रुड़की में हुई थी। आरोपियों में अनुज (निवासी सहारनपुर, उत्तराखंड) और अवनिश (निवासी रुड़की, हरिद्वार) शामिल हैं। इन तीनों ने 31 अगस्त को पहले घर की रेकी की थी। वारदात वाले दिन 16 अक्टूबर को तीनों बाइक से दौहला पहुंचे। शुरुआत में महिला फोन पर बात कर रही थी, इसलिए वे लौट गए, लेकिन सुबह 10:05 बजे संदीप और अनुज घर के अंदर घुसे, जबकि अवनिश बाहर पहरा देता रहा।
आरोपियों ने पहले महिला के मुंह पर सेलो टेप चिपकाया, फिर रस्सी से हाथ बांधे और गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के समय मृतका का पति बच्चों को स्कूल छोड़ने गया था और वह घर में अकेली थी। दोपहर 2:30 बजे जब पति वापस लौटा, तो पत्नी की लाश मिली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट का सामान बरामद कर लिया है, जिसमें सोने की अंगूठी, चेन, बालियां, चांदी की बिछिया, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।