गुरुग्राम: जमीन नहीं बेचने दे रही महिला की पति के चचेरे भाई ने कराई हत्या, 3 गिरफ्तार

गुरुग्राम के सोहना इलाके में एक महिला की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के अंतिम संस्कार के महज 12 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को दबोच लिया है। जांच में पता चला है कि यह पूरी वारदात जमीन बेचने के विवाद और आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, मामला सोहना खंड के दौहला गांव का है, जहां 16 अक्टूबर को एक 35 वर्षीय महिला की घर के अंदर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पति ने बताया था कि जब वह बच्चों को स्कूल छोड़कर दोपहर में घर लौटे, तो उन्होंने अपनी पत्नी को मृत पाया। महिला के हाथ बंधे हुए थे और मुंह पर टेप लगी थी। क्राइम ब्रांच सोहना ने इस मामले की कमान संभाली और मुख्य आरोपी संदीप को सोहना से तथा उसके दो साथियों, अनुज और अवनिश को उत्तराखंड के रुड़की से गिरफ्तार किया।
जमीन के सौदे ने लिया खूनी मोड़
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी संदीप, मृतका के पति का चचेरा भाई है। संदीप पूर्व में भारतीय सेना में था, लेकिन 2023 में धोखाधड़ी के चलते उसका कोर्ट मार्शल हो गया था। संदीप चाहता था कि उसके चचेरे भाई की जमीन बिक जाए, जिसके लिए उसने एक लाख रुपये बयाना भी दिया था। हालांकि, मृतका को सौदा सस्ता लगा और उसने अपने पति के जरिए वह पैसा वापस करवा दिया। इसी बात से नाराज संदीप ने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
इस खौफनाक साजिश में संदीप ने अपने दो पुराने परिचितों, अनुज और अवनिश की मदद ली। अनुज और अवनिश की मुलाकात संदीप की रुड़की में सेना में तैनाती के दौरान हुई थी। आरोपियों ने पहले 31 अगस्त को घर की रेकी की और फिर 16 अक्टूबर को रुड़की से दौहला पहुंचे। सुबह जब महिला फोन पर बात कर रही थी, तो वे लौट गए, लेकिन ठीक 10:05 बजे दोबारा हमला किया। अवनिश बाहर पहरा दे रहा था, जबकि संदीप और अनुज घर में घुसकर महिला का मुंह टेप से बंद कर और हाथ बांधकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मुख्य आरोपी संदीप को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।