गुरुग्राम: विवाहिता की मौत पर बवाल, मायके वालों ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप

हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उत्तर प्रदेश से पहुंचे परिजनों को जब ससुराल के घर पर ताला लटका मिला, तो उन्होंने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन वहां कोई नहीं था। बाद में उन्हें पता चला कि उनकी बेटी का शव अस्पताल में रखा है और ससुराल वाले फरार हो गए हैं।
हापुड़ जिले के पिलखुवा निवासी अनिल शर्मा ने अपनी बेटी भावना (28) की शादी पिछले साल दिसंबर में फर्रुखनगर निवासी गौतम शर्मा से की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने पैसों की डिमांड शुरू कर दी थी। आरोप है कि दामाद के भाई पर छेड़छाड़ और हत्या का केस चल रहा था, जिसे रफा-दफा करने के लिए ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपए की मांग की थी। पीड़ित पिता के अनुसार, वह अब तक 2.5 लाख रुपए दे चुके थे, लेकिन मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
दहेज और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
परिजनों ने दामाद पर यह सनसनीखेज आरोप भी लगाया है कि वह पहले तीन शादियां कर चुका है। पिता का कहना है कि भावना पिछले कुछ महीनों से मायके में ही रह रही थी और हाल ही में ससुराल लौटी थी। मंगलवार रात पति गौतम ने फोन कर बेटी की मौत की खबर दी, लेकिन जब परिजन गुरुग्राम पहुंचे तो पूरा परिवार गायब था। हैरानी की बात यह है कि आरोपी भावना के 10 महीने के मासूम बेटे को भी अपने साथ ले गए हैं और अस्पताल प्रबंधन अब शव के लिए डेढ़ लाख रुपए का बिल मांग रहा है।
इस मामले में पिता ने पति गौतम, ससुर बिजेंद्र, सास और देवर अंशु के खिलाफ फर्रुखनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर दहेज हत्या और प्रताड़ना की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश जारी है।