गुरुग्राम में भारी बारिश से भीषण जलभराव, ट्रैफिक जाम और बंद वाहनों से लोग परेशान

Kittu Kumari6 August 20263 min read38 viewsNCR
गुरुग्राम में भारी बारिश से भीषण जलभराव, ट्रैफिक जाम और बंद वाहनों से लोग परेशान

गुरुग्राम में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार दोपहर तक लगातार जारी रही, जिससे मिलेनियम सिटी के कई इलाके पानी में डूब गए और जगह-जगह भारी जलभराव व ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई।

प्रमुख बिंदु:

  • बुधवार रात ढाई बजे से शुरू हुई मूसलाधार बरसात गुरुवार दोपहर तक लगातार होती रही।
  • सेक्टर-14, हीरो होंडा चौक, इफ्को चौक, राजीव चौक, सोहना रोड, सिग्नेचर टावर, सेक्टर-9, सिविल लाइंस और पुराने गुरुग्राम में पानी भरा।
  • नालों और ड्रेनेज सिस्टम के ओवरफ्लो होने से सड़कों पर तीन-चार फीट तक पानी भर गया।
  • यातायात पुलिस ने चौक-चौराहों पर तैनात रहकर क्रेन की मदद से बंद वाहनों को निकलवाया और ट्रैफिक सुचारू किया।
  • गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए वर्क फ्रॉम होम का परामर्श जारी किया।


भारी बारिश से मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में जलभराव


मिलिनियम सिटी गुरुग्राम में बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार दोपहर बाद तक लगातार होती रही। इस कारण कई इलाके पानी में डूब गए। बरसात से जलभराव में वाहन भी बंद हो गए और कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस चौक-चौराहों पर तैनात रही और पानी में बंद हुए वाहनों को पुलिसकर्मी क्रेन की मदद से निकलवाते रहे। मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में रातभर अच्छी बारिश दर्ज की गई।

एनएच-48 और मुख्य चौराहों पर लगा लंबा जाम


रात ढाई बजे शुरू हुई मूसलाधार बरसात लगातार होती रही। सेक्टर-14, हीरो होंडा चौक, इफ्को चौक, राजीव चौक, सोहना रोड, सिग्नेचर टावर, सेक्टर-9, सिविल लाइंस और पुराने गुरुग्राम के कई इलाके पानी में डूब गए। नालों और ड्रेनेज सिस्टम के ओवरफ्लो होने से पानी सड़कों पर आ गया। कई जगह तीन-चार फीट तक पानी भर गया। दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। जलभराव के कारण एनएच-48 पर भी रफ्तार धीमी पड़ गई। बीच सड़क पर पानी भरने से कई कारें और दुपहिया वाहन बंद हो गए। इफ्को चौक और राजीव चौक के पास तो दर्जनों गाड़ियां एक साथ खराब हो गईं। बारिश के कारण घंटों लंबा जाम लगा रहा। लोग ऑफिस और जरूरी काम के लिए घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे। कई जगह एंबुलेंस को भी निकलने में परेशानी हुई। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जलभराव और जाम के वीडियो और फोटो शेयर किए।

याचयात पुलिस की तैनाती और ट्रैफिक डायवर्जन


स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस सुबह से ही अलर्ट मोड में रही। पुलिसकर्मी शहर के संवेदनशील चौराहों और जलभराव वाले पॉइंट्स पर तैनात रहे। ट्रैफिक डीसीपी ने बताया कि पानी में बंद हुए वाहनों को क्रेन की मदद से निकलवाकर रास्ते खुलवाए गए। साथ ही डायवर्जन देकर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। हीरो होंडा चौक और महिपालपुर बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि बिना जरूरी काम घर से न निकलें और जलभराव वाले इलाकों से बचें।

स्थानीय लोगों का गुस्सा और निगम की प्रतिक्रिया


लगातार जलभराव को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में गुरुग्राम ऐसे ही डूबता है और करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद ड्रेनेज और सड़कों की हालत नहीं सुधरी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पंपिंग में दिक्कत आई और टीमें मौके पर लगी हैं तथा जल्द पानी की निकासी कर दी जाएगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम का परामर्श भी जारी किया है। यह जानकारी हिन्दुस्थान समाचार द्वारा दी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment