गुरुग्राम: उबर ड्राइवर ने महिला सॉफ्टवेयर डेवलपर को किया प्रताड़ित, FIR दर्ज
गुरुग्राम में एक महिला सॉफ्टवेयर डेवलपर ने उबर ड्राइवर के खिलाफ उत्पीड़न और धमकी का मामला दर्ज कराया है। कंपनी ने ड्राइवर को बैन कर दिया है।

गुरुग्राम में एक महिला सॉफ्टवेयर डेवलपर के साथ उबर ड्राइवर द्वारा बदसलूकी और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता तनिषा शर्मा ने इस घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना उस समय हुई जब तनिषा दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं और वहां से अपनी मंजिल के लिए एक उबर कैब बुक की। यह वाकया सुबह करीब 4:45 बजे का बताया जा रहा है। तनिषा के अनुसार, सफर के दौरान किराए को लेकर ड्राइवर के साथ उनकी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि ड्राइवर ने गाड़ी के दरवाजे लॉक कर दिए और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल, उबर ने लिया एक्शन
पीड़िता ने बताया कि ड्राइवर ने न केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें डराया और धमकाया भी, जिससे वह काफी सहम गईं। इस पूरी घटना के बाद तनिषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी आपबीती साझा की, जिसने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींचा और इस मुद्दे पर काफी आक्रोश देखा गया।
मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया पर बढ़ते दबाव के बाद उबर इंडिया ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने तनिषा से निजी तौर पर संपर्क किया है और आरोपी ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से पूरी तरह प्रतिबंधित (बैन) कर दिया गया है। अब वह ड्राइवर उबर के जरिए कोई भी राइड स्वीकार नहीं कर सकेगा। फिलहाल गुरुग्राम पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।