गुरुग्राम: दो बाइकों पर लंबित थे 102 चालान, 5.55 लाख रुपये का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दो ऐसी मोटरसाइकिलें पकड़ीं जिन पर कुल 102 चालान लंबित थे। जुर्माना राशि 5.55 लाख रुपये पहुंची।

गुरुग्राम की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखने वालों के लिए पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की एक विशेष जांच मुहिम के दौरान दो ऐसी मोटरसाइकिलें पकड़ी गई हैं, जिनके मालिक ने लंबे समय से अपने चालानों का भुगतान नहीं किया था। हैरान करने वाली बात यह है कि सिर्फ इन दो बाइकों पर कुल 102 चालान लंबित थे, जिनकी कुल जुर्माना राशि 5,55,100 रुपये तक पहुंच गई है।
पुलिस की यह कार्रवाई अलग-अलग इलाकों में की गई। पहली बड़ी कार्रवाई सेक्टर-12 में हुई, जहां एएसआई मंजू अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इस दौरान एक बाइक को रोका गया, लेकिन चालक जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जब पुलिस ने रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि इस एक बाइक के खिलाफ 61 चालान पेंडिंग हैं और जुर्माना राशि 2,19,500 रुपये है। इस बाइक सवार ने हेलमेट न पहनने, इंश्योरेंस न होने और बिना नंबर प्लेट के गाड़ी चलाने जैसे कई गंभीर उल्लंघन किए थे।
लापरवाही पड़ी भारी, पुलिस ने जब्त की गाड़ियां
इसी तरह की एक और कार्रवाई सिकंदरपुर पावर हाउस इलाके में हुई। यहां एएसआई कंवल सिंह की टीम ने एक अन्य मोटरसाइकिल को रोका। जब चालक कागजात दिखाने में नाकाम रहा, तो जांच में खुलासा हुआ कि इस बाइक पर 41 चालान लंबित हैं, जिनका कुल जुर्माना 3,35,600 रुपये बनता है। यहां भी बिना हेलमेट और बिना इंश्योरेंस जैसे नियमों की अनदेखी की गई थी।
ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के मुताबिक इन दोनों मोटरसाइकिलों को तुरंत इंपाउंड कर लिया है और इन्हें पार्किंग में खड़ा कर दिया गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से उन लोगों में हड़कंप मच गया है जो चालानों को नजरअंदाज कर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।