गुरुग्राम में मंदिर से चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी चोर को काबू कर लिया है। फर्रखनगर क्षेत्र के गांव झांझरोला खेड़ा स्थित श्याम बाबा मंदिर में यह चोरी हुई थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र पूरी तरह से बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव कालियावास निवासी अमित कुमार (42 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 20 और 21 सितंबर की रात को मंदिर से चांदी के छत्र चोरी हुए थे। इस संबंध में 21 सितंबर को थाने में शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच पड़ताल करते हुए फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई की और 22 सितंबर को झांझरोला खेड़ा मोड़ से आरोपी अमित कुमार को धर दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों चांदी के छत्र बरामद कर लिए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले एक निजी कंपनी में काम करता था। नौकरी छूटने के बाद से वह काफी परेशान रहने लगा था। इसी मानसिक परेशानी के दौर में उसने मंदिर में चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की ओर से इस पूरे मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस इस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।