गुरुग्राम में बड़ा फैसला: अब SWM पोर्टल से होंगे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर परिवहन तक सभी भुगतान

Kittu Kumari4 August 20262 min read38 viewsNCR
गुरुग्राम में बड़ा फैसला: अब SWM पोर्टल से होंगे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर परिवहन तक सभी भुगतान

गुरुग्राम नगर निगम ने स्वच्छता कार्यों में पारदर्शिता और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने दिए ये आदेश जिसके तहत अब स्वच्छता से जुड़े सभी भुगतान ऑनलाइन होंगे।

  • ठोस कचरा प्रबंधन (SWM) शाखा के सभी स्वच्छता कार्यों का भुगतान SWM पोर्टल से होगा।
  • यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
  • किसी भी परिस्थिति में पोर्टल के बाहर भुगतान की अनुमति नहीं होगी।

पोर्टल के माध्यम से होंगे सभी भुगतान

गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा जारी आदेश के अनुसार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा परिवहन, सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट तथा SWM शाखा के अंतर्गत आने वाले सभी स्वच्छता कार्यों से संबंधित भुगतान अब केवल SWM पोर्टल के माध्यम से ही प्रोसेस किए जाएंगे। किसी भी परिस्थिति में पोर्टल के बाहर स्वच्छता कार्यों से संबंधित भुगतान की अनुशंसा, स्वीकृति अथवा जारी नहीं किया जाएगा। आदेश में अतिरिक्त निगमायुक्त-सह-क्लस्टर हेड को SWM पोर्टल के माध्यम से सभी भुगतान करने के लिए अधिकृत किया गया है।

अधिकारियों को दिए गए हैं सख्त निर्देश

संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता (SBM), वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भुगतान प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी कार्य अभिलेख, मापन, अनुमोदन, कार्य पूर्णता की स्थिति, दंडात्मक कटौतियां तथा अन्य आवश्यक विवरण SWM पोर्टल पर पूरी तरह अपडेट करना सुनिश्चित करें। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्य लेखा अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी स्वच्छता संबंधी भुगतान तब तक जारी न किया जाए, जब तक वह SWM पोर्टल के माध्यम से विधिवत प्रोसेस और अनुमोदित न हो जाए।

डिजिटल रिकॉर्ड से बढ़ेगी पारदर्शिता

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देते हुए स्वच्छता व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। SWM पोर्टल के माध्यम से भुगतान व्यवस्था लागू होने से प्रत्येक कार्य का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी, गुणवत्ता का मूल्यांकन तथा वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment