गुरुग्राम में स्विगी इंस्टामार्ट के डिलीवरी पार्टनर्स ने बड़ा कदम उठाया है। सेक्टर-1 स्थित चौमा गांव में स्विगी इंस्टामार्ट के करीब 30 से 40 डिलीवरी पार्टनर्स ने स्टोर से मिलने वाले ऑर्डर को लेकर पालम विहार थाने में शिकायत दी है। डिलीवरी पार्टनर्स ने पुलिस को बताया कि उन्हें स्टोर से पैक किया हुआ ऑर्डर मिलता है, जिसे वे ग्राहक के पते तक पहुंचाते हैं।
शनिवार को डिलीवरी पार्टनर्स ने बताया कि कुछ मामलों में ग्राहकों को ऑर्डर मिलने के बाद सामान कम होने की शिकायत सामने आती है। पैकेट में कौन-कौन सा सामान रखा गया है, इसकी पूरी जानकारी डिलीवरी पार्टनर्स के पास नहीं होती है। ग्राहक द्वारा सामान कम होने की शिकायत किए जाने पर कई बार डिलीवरी पार्टनर्स को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसी शिकायतों के कारण कुछ डिलीवरी आईडी के संचालन पर भी असर पड़ता है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होने की चिंता बनी रहती है।
डिलीवरी पार्टनर्स ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने का अनुरोध किया है ताकि ऑर्डर पैक होने से लेकर डिलीवरी तक की प्रक्रिया स्पष्ट हो सके। जिन डिलीवरी पार्टनर्स की आईडी किसी शिकायत के चलते बंद हुई है, उनकी स्थिति की भी जांच कराने को कहा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऑर्डर पैक करते समय सामान कम हुआ था या नहीं। साथ ही ब्लॉक की गई आईडी को दोबारा शुरू कराने में मदद की मांग की गई है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शिकायत की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मूल खबर यहाँ
हिन्दुस्थान समाचार पर उपलब्ध है।