गुरुग्राम: राष्ट्रवाद की राजनीति से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा: डॉ. स्वदेश सिंह

Kittu Kumari16 October 20261 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: राष्ट्रवाद की राजनीति से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा: डॉ. स्वदेश सिंह

गुरुग्राम के भोंडसी स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित 'नमो सेवा अनकही कहानियां' कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. स्वदेश सिंह ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से सीख लेकर युवाओं को राष्ट्रवाद की राजनीति से जुड़ना चाहिए। डॉ. सिंह ने आह्वान किया कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

यह कार्यक्रम 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सफर और उनके सेवा भाव को समाज के सामने लाना है। डॉ. स्वदेश सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह देश के हर नागरिक का साझा कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल बदलाव की बातें न करें, बल्कि खुद सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें और राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ जनकल्याण के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

जनभागीदारी से ही संभव है राष्ट्र की प्रगति

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने बताया कि 'नमो सेवा अनकही कहानियां' के जरिए उन अनुभवों और प्रसंगों को साझा किया जा रहा है, जो जनसेवा की भावना को और मजबूत करते हैं और नागरिकों में अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन को एक नई दिशा दी है।

इस अवसर पर सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक उन्नति तभी संभव है जब उसमें जनभागीदारी हो और हर नागरिक सेवा भावना के साथ विकास कार्यों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment