गुरुग्राम: STF को मिली बड़ी सफलता, जॉर्जिया से डिपोर्ट कर गैंगस्टर गौरव गाड़ौली को एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

Kittu Kumari4 August 20262 min read44 viewsNCR
गुरुग्राम: STF को मिली बड़ी सफलता, जॉर्जिया से डिपोर्ट कर गैंगस्टर गौरव गाड़ौली को एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के साले गौरव गाड़ौली को जॉर्जिया से डिपोर्ट कराकर भारत लाने के बाद मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है।

* एसटीएफ ने गैंगस्टर गौरव गाड़ौली को दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

* गैंगस्टर कौशल चौधरी का साला है गौरव गाड़ौली

* दो दर्जन से ज्यादा संगीन मामलों में था वांछित

* कौशल चौधरी विदेश में बैठकर चला रहा था गैंग

गुरुग्राम से विदेश तक फैला था नेटवर्क

गौरव गाड़ौली साल 2023 में भारत छोड़कर विदेश भाग गया था। वह 30 नवंबर 2023 को फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट से दुबई के लिए भारत से निकला था। उसने साहिल यादव पुत्र कृष्णा यादव निवासी फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश के नाम से धोखे से लिए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल करके यात्रा की थी। उसे 14 अक्टूबर 2022 को पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) यानी भगोड़ा घोषित किया गया था और अलग-अलग सेंट्रल और इंटरनेशनल एजेंसियों की मदद से आरोपी को सफलतापूर्वक ट्रेस किया गया था। वह जॉर्जिया में रहकर अपने बहनोई गैंगस्टर कौशल चौधरी के आपराधिक सिंडिकेट को संचालित कर रहा था और विदेश में बैठकर गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

दर्जनों गंभीर मामलों में था वांछित

एसटीएफ के आईजी बी सथीश बालन ने मंगलवार को पत्रकारों से गौरव गाड़ौली की गिरफ्तारी व उनके अपराधों की सूची साझा की। उन्होंने कहा कि गौरव पर पंजाबी गायकों को धमकी देने और फायरिंग की साजिश रचने जैसे आरोप भी हैं जिसके कारण वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही गौरव भारत पहुंचा, एसटीएफ ने एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया। गौरव गाड़ौली गैंगस्टर कौशल चौधरी की पत्नी मनीषा चौधरी का भाई है और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग और एक्सटॉर्शन जैसे गंभीर आरोपों में करीब दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे देश के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।

एसटीएफ की पूछताछ जारी

हरियाणा एसटीएफ की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को विदेश से डिपोर्ट कराकर गिरफ्तार करना सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी है। गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है और एसटीएफ को उम्मीद है कि पूछताछ में विदेशों में छिपे अन्य गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। यह जानकारी हिन्दुस्थान समाचार के माध्यम से सामने आई है।

Share:

Comments

Leave a comment