गुरुग्राम: सिधरावली में दीपक की हत्या मामले में दो गिरफ्तार, मृतक पर दर्ज थे 8 केस
गुरुग्राम के सिधरावली में दीपक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। मृतक दीपक पर खुद हत्या समेत 8 आपराधिक मामले दर्ज थे।

गुरुग्राम के गांव सिधरावली में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 35 वर्षीय दीपक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने दो आरोपियों को दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस दीपक की हत्या की गई, उसका खुद का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा था और उस पर हत्या समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिधरावली निवासी जतिन (21 वर्ष) और महेंद्रगढ़ के नांगल दरगू निवासी मोनू उर्फ धोलिया (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक विदेशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
घटनाक्रम के अनुसार, 9 नवंबर को बिलासपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सिधरावली बस स्टैंड पर दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो दीपक अपनी कार की अगली सीट पर मृत अवस्था में मिला। मृतक के चाचा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक 8 नवंबर की रात को कार लेकर निकला था और अगली सुबह उसकी लाश मिली।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि करीब छह महीने पहले दीपक और उसके साथियों ने आरोपी जतिन के भाई और उसके एक दोस्त के साथ मारपीट की थी। इतना ही नहीं, दीपक ने जतिन को जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपी जतिन को गुरुग्राम के सहरावन गांव से और मोनू को राजस्थान के कोटपुतली से गिरफ्तार किया। जतिन को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मृतक का आपराधिक इतिहास:
दीपक के खिलाफ गुरुग्राम और राजस्थान में कुल आठ केस दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले, हत्या का प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखना और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। इनमें से छह मामले अकेले गुरुग्राम में दर्ज थे।