गुरुग्राम: पटौदी रोड पर चाकू की नोक पर लूट करने वाला युवक और नाबालिग गिरफ्तार

Kittu Kumari6 October 20261 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: पटौदी रोड पर चाकू की नोक पर लूट करने वाला युवक और नाबालिग गिरफ्तार

गुरुग्राम की सेक्टर-10 थाना पुलिस ने पटौदी रोड पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में एक 19 साल का युवक और उसका एक नाबालिग साथी शामिल है। पुलिस ने इन दोनों के पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

यह पूरा मामला 1 अक्टूबर का है, जब एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह अपने गांव से सरस्वती एन्क्लेव आया था। सुबह करीब पांच बजे जब वह पटौदी रोड पर शिव मंदिर के पास पहुँचा, तो कुछ अज्ञात लड़कों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और मारपीट करते हुए उसका मोबाइल फोन, 850 रुपये नकद और बैग लूटकर रफूचक्कर हो गए।

नशे की लत ने बनाया अपराधी

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस टीम ने 3 अक्टूबर को रामपुरा चौक (नेशनल हाईवे-48) के पास से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रिंस (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के सरस्वती एन्क्लेव में रह रहा था। उसका दूसरा साथी नाबालिग है।

पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की तलब को पूरा करने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसीलिए उन्होंने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन दोनों ने पहले भी ऐसी किसी वारदात को अंजाम दिया है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment