गुरुग्राम रोड रेज मामला: पुलिस ने जोड़ी हत्या के प्रयास की धारा, होगी सख्त कार्रवाई

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए केस में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है। इस मामले की शुरुआत तब हुई जब 14 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक कार चालक द्वारा महिला बाइक राइडर को जानबूझकर टक्कर मारते हुए देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने बिना किसी शिकायत का इंतजार किए स्वतः संज्ञान लिया और थाना सेक्टर-56 में मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच
शुरुआती जांच के बाद जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो मामला सामान्य एक्सीडेंट का नहीं बल्कि हत्या के प्रयास का निकला। फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 जोड़ी गई है, जिसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस के अनुसार फुटेज में कार चालक की हरकत साफ तौर पर महिला को गंभीर नुकसान पहुंचाने की नीयत वाली दिखी थी।
आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कार चालक की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता से भी पुलिस लगातार संपर्क में है ताकि उसके बयान दर्ज किए जा सकें और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की सड़क पर गुंडागर्दी और कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।