गुरुग्राम के सभी सार्वजनिक स्थल और पार्क घोषित हुए नो स्मोकिंग जोन, अब धूम्रपान करने पर लगेगा जुर्माना

गुरुग्राम नगर निगम ने शहर के सभी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को नो स्मोकिंग जोन घोषित किया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगेगा जुर्माना।

Kittu Kumari23 November 20262 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम के सभी सार्वजनिक स्थल और पार्क घोषित हुए नो स्मोकिंग जोन, अब धूम्रपान करने पर लगेगा जुर्माना

गुरुग्राम को स्वच्छ, स्वस्थ और तंबाकू के धुएं से मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को अब गुरुग्राम नो स्मोकिंग जोन घोषित कर दिया गया है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। अब शहर के खुले स्थानों पर सिगरेट या बीड़ी पीना महंगा पड़ सकता है।

नगर निगम के इस फैसले का मुख्य आधार 'सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003' (COTPA) और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियम, 2008 है। आदेश के मुताबिक, निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बाजार, बस स्टॉप, बस स्टैंड, सार्वजनिक परिवहन, सभी पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और खुले सार्वजनिक स्थान पूरी तरह से धूम्रपान मुक्त रहेंगे। इसमें सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय भी शामिल हैं।

इन नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य, होगी सख्त कार्रवाई

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन प्रतिबंधित क्षेत्रों में न केवल धूम्रपान करना मना है, बल्कि सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकना और तंबाकू खाकर थूकना भी दंडनीय अपराध माना जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर COTPA की धारा 21 के तहत 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, यदि कोई व्यावसायिक प्रतिष्ठान बार-बार इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता को इस नए नियम की जानकारी देने के लिए निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगले 15 दिनों के भीतर सभी प्रमुख स्थानों और पार्कों में 'नो स्मोकिंग जोन' के सूचना बोर्ड लगा दिए जाएं। इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्तों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (स्वच्छता एवं बागवानी शाखा) को सौंपी गई है, ताकि शहर में इस आदेश की प्रभावी ढंग से अनुपालना सुनिश्चित की जा सके।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment