गुरुग्राम: संपत्ति कर के 1.51 करोड़ बकाया होने पर 4 संपत्तियां सील

Kittu Kumari5 October 20261 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: संपत्ति कर के 1.51 करोड़ बकाया होने पर 4 संपत्तियां सील

गुरुग्राम नगर निगम ने टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। बकाया संपत्ति कर की वसूली सुनिश्चित करने के लिए निगम की प्रवर्तन टीमों ने सोमवार को सख्त कार्रवाई करते हुए चार संपत्तियों को सील कर दिया। इन संपत्तियों पर कुल 1,51,64,104 रुपये का संपत्ति कर बकाया था, जिसे लंबे समय तक जमा नहीं किया गया था।

निगम की इस कार्रवाई की जद में जोन-5 और जोन-6 के इलाके आए। जोन-5 में सेक्टर-16 स्थित सिकोम लिमिटेड और जेएमडी पैसिफिक स्क्वायर में स्थित टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की संपत्तियों पर ताला जड़ा गया। सिकोम लिमिटेड पर 83.56 लाख रुपये और टेकप्रो सिस्टम्स पर करीब 37.59 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। वहीं, जोन-6 में सेक्टर-61 स्थित साईएक्सपो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड की दो संपत्तियों को सील किया गया, जिन पर क्रमशः 15.15 लाख और 15.31 लाख रुपये बकाया थे।

बकाया टैक्स जमा न करने वालों को चेतावनी

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति कर की वसूली के लिए नियमों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने संपत्ति मालिकों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए अपना बकाया टैक्स जल्द से जल्द जमा करें। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो निगम आगे की कड़ी कार्रवाई करेगा।

नगर निगम ने शहर के सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे समय पर टैक्स का भुगतान करें और अपने कर विवरण की नियमित जांच करते रहें। निगम ने जोर देकर कहा कि संपत्ति कर शहर के विकास का एक मुख्य स्रोत है। इसी राजस्व से सड़कों का रखरखाव, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाता है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment