गुरुग्राम: प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा तो होगी कार्रवाई, टॉप 1000 डिफॉल्टर्स को नोटिस भेजेगा नगर निगम
गुरुग्राम नगर निगम अब प्रॉपर्टी टैक्स न भरने वाले टॉप 1000 डिफॉल्टर्स पर सख्त कार्रवाई करेगा, नोटिस के बाद प्रॉपर्टी सील भी हो सकती हैं।

अगर आप गुरुग्राम में रहते हैं और आपने अब तक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं किया है, तो सावधान हो जाइए। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) अब टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने जा रहा है। निगम ने तय किया है कि सबसे ज्यादा टैक्स बकाया रखने वाले टॉप-1000 डिफॉल्टर्स की लिस्ट तैयार कर उन्हें रिकवरी नोटिस भेजे जाएंगे। मामला सिर्फ नोटिस तक नहीं रुकेगा, अगर इसके बाद भी भुगतान नहीं हुआ तो संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें जोनवार टैक्स की मांग और लंबित बकाया राशि की समीक्षा की गई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को तेज करने के लिए निगम बाहरी एजेंसी की मदद लेने पर भी विचार कर रहा है, जो नोटिस पहुंचाने का काम करेगी। जब तक एजेंसी की नियुक्ति नहीं होती, तब तक संबंधित जोन के क्लर्क और एलबी मेकर खुद फील्ड में जाकर नोटिस बांटेंगे, जिसके लिए निगम उन्हें ईंधन खर्च की भरपाई करेगा।
कॉल सेंटर से आएगा फोन, फिर होगी सीलिंग
बकायेदारों पर दबाव बनाने के लिए नगर निगम ने एक नई रणनीति तैयार की है। टॉप-1000 डिफॉल्टर्स की सूची एमसीजी कॉल सेंटर को सौंपी जाएगी। कॉल सेंटर के कर्मचारी फोन और व्हाट्सएप के जरिए इन लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें टैक्स जमा करने की अपील करेंगे। निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस भेजने के बाद भी यदि भुगतान नहीं किया जाता है, तो प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई में तेजी लाई जाए।
इसके साथ ही, निगम ने अपने कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करें और शिकायतों का समय पर निपटारा करें। चेतावनी दी गई है कि यदि किसी कर्मचारी के दुर्व्यवहार या लापरवाही की शिकायत मिलती है, तो एचकेआरएन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी और नियमित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अगली समीक्षा बैठक में सभी जोन अधिकारियों को टैक्स वसूली और सीलिंग कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट देनी होगी।